Sunday, May 5, 2024

भाजपा ने बदली राष्ट्रभक्ति की परिभाषा : सुक्खू

मंडी।

कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रभक्ति के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रभक्त होने की परिभाषा ही बदल दी है। वीरों का सम्मान करने के बजाय अपमान किया जा रहा है। सुक्खू ने ये बातें वीरवार को नाचन विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहीं। उन्होंने जनता से प्रतिभा के पक्ष में मतदान की अपील भी की।

सुक्खू ने कहा कि देश के लिए पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा अगर उन्हें सम्मान नहीं दे सकती तो अपमान भी न करे। कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा देश के इतिहास को बदलने का विफल प्रयास कर रही है, जिसमें कभी सफलता नहीं मिलेगी। सत्तारूढ़ पार्टी क्षेत्रवाद की राजनीति कर रही है। लोगों को धर्म और जाति के आधार पर बांटा जा रहा है। भाजपा सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने में नाकाम रही है।

लोकसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। हार सामने देख भाजपा नेता बौखलाए हुए हैं। अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का प्रमाण पत्र किसी से लेने की जरूरत नहीं। दो-दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले की ही स्थिति दयनीय है। सिराज को छोड़कर कहीं विकास नहीं हुआ। भाजपा को अब प्रदेश की सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। सुक्खू ने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन, महंगाई और बेरोजगारी से कांग्रेस ही निजात दिला सकती है। इस मौके पर नाचन प्रभारी गंगू राम मुसाफिर, पूर्व प्रत्याशी लाल सिंह कौशल, पूर्व संसदीय सचिव टेक चंद डोगरा,पुर्व जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के अध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला परिषद सदस्य जागृति राणा, जसवीर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष नीलमणि ठाकुर, अनुसूचित जाति अध्यक्ष नरेश इत्यादि मौजूद रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts