Monday, April 29, 2024

अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें महिलाएं, संविधान ने दिए पुरुषों के समान अधिकार : स्वाति

 

आपकी खबर, किन्नौर। 

Kinnaur

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज किन्नौर जिला के रामलीला मैदान से बचत भवन तक महिलाओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम रिकांग पिओ स्थित बचत भवन में आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता उपमण्डलाधिकारी कल्पा स्वाति डोगरा ने करते हुए कहा कि संविधान द्वारा महिलाओं को पुरूषों के समान अधिकार प्रदान किए गए हैं परंतु कई क्षेत्रों में आज भी महिलाओं के साथ भेदभाव के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में महिलाओं का भी यह दायित्व बनता है कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

उन्होंने महिलाओं से भी आग्रह किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों में भी भाग लें क्योंकि आर्थिक रूप से सशक्त महिला समाज में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं न केवल हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं बल्कि कई क्षेत्रों में तो पुरूषों से भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व बनता है कि मातृ शक्ति को सम्मान दें तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने महिलाओं खासकर बच्चियों से आग्रह किया कि वे मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करें क्योंकि शिक्षा से ही उनका व समग्र समाज का विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बेटियों को बेटे के समान दर्जा दें ताकि बेटियों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर डाॅ. तहसीन ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज का यह दायित्व बनता है कि वे महिलाओं को सम्मान प्रदान करें तथा उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अवसर के साथ प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई गई हैं जिनका फायदा उठाने के लिए महिलाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सरकारी तथा गैर-सरकारी क्षेत्र में ऊंचे-ऊंचे पदों पर सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने का आग्रह किया।

श्रम अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिश्ट ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पैंशन योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ ऐसे सभी व्यक्ति जो असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे हंै उठा सकते हैं।

उपनिरीक्षक महिला किरण कुमारी ने इस अवसर पर महिलाओं के संरक्षण से संबंधित अधिनियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में भी महिलाओं के प्रति प्रताड़ना व अत्याचार के मामलों में बढ़ौतरी हुई है। इसका कारण जिले में महिला साक्षरता दर को भी जाता है क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर हुए सर्वेक्षणों से सामने आया है कि जिन राज्यों की साक्षरता दर अधिक है वहां महिला अत्याचार के मामले थानों में अधिक दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने के लिए अनेक कानून बने हैं परंतु कई बार देखने में आता है कि महिलाएं किन्हीं कारणवश उन पर हो रहे अत्याचार के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने से कतराती हैं।

इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी आर.एल नेगी ने किशोरों के अधिकारों व उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर समाज को नई राह दिखाने वाली महिलाओं व बेटियों को भी सम्मानित किया गया जिनमें उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी ग्रामीण विकास अभिकरण जयवंती ठाकुर, डाॅ. तहसीन, डाॅ. अन्वेषा के अलावा महिला मण्डल कल्पा, महिला मण्डल मीरू, विश्व कर्मा महिला मण्डल मूरंग, बायेमाटिंग स्वयं सहायता समूह किल्बा, आरती स्वयं सहायता समूह, बदरी कृषक स्वयं सहायता समूह उरनी, महिला कल्याण परिषद कल्पा, महिला कल्याण परिषद से संबंधित मनीषा, पूजा शर्मा, एस.पी आॅफिस से भजन देवी व किरण कुमारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुजाता कुमारी, ऊर्मिला देवी, प्रेम कुमारी, हाल ही में 18 वर्ष पूर्ण कर मतदाता सूचि में शामिल हुई दीक्षा नेगी, नेहा, अंजू, कामना, राधिका, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली 10वीं कक्षा की छात्राएं संजना, कशिश, सरिता, बुलबुल, जमा दो में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं कल्पना, दीक्षिता, निशा, आरती व विजेता कुमारी को भी इस अवसर पर स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान महिला मण्डल मीरू शबनम ग्रुप व आई.सी.डी.एस कल्पा द्वारा रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि ने इन्हें भी नगद पुरूस्कार व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यवाहक जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश शर्मा ने इस अवसर पर धन्यावाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर जिला परिषद कल्पा की सदस्य सरिता कुसान, गुड़िया बोर्ड की सदस्य एवं ग्राम पंचायत युवारंगी की प्रधान गंगा देवी, पूर्व प्रधान उरनी गीता ज्ञानी, पंचायती राज संस्थाओं के जन प्रतिनिधि, महिला मण्डल व स्वयं सहायता समूह के पदाधिकारी व सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts