सुक्खू सरकार ने जेओए आईटी पेपर लीक मामले में लिया बड़ा निर्णय
मुख्य आरोपी महिला निलंबित, भर्ती प्रक्रियाओं पर लगाई रोक
आपकी ख़बर, शिमला।
प्रदेश कांग्रेस सरकार जेओए आईटी पेपर लीक मामले में गंभीर हो गई है। सुक्खू सरकार ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग जेओए आईटी पेपर लीक मामले में बड़ा निर्णय लेते हुए तत्काल प्रभाव से कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के कामकाज को निलंबित किया है। इसके साथ ही सभी चल रही एवं लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को आगामी आदेश तक रोक लगाई है। आयोग में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी अब विशेष कार्य अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे। सरकार ने एडीसी कम एडीएम हमीरपुर को आयोग का विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सरकार ने आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कुमार, उप सचिव संजीव कुमार को भी रिलीव कर दिया है। इन अधिकारियों को कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है। अधिकारियों की तैनाती के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। मुख्य सचिव आरडी धीमान ने ये आदेश जारी किए हैं। डॉ. जितेंद्र कंवर आठ साल से कर्मचारी चयन आयोग के सचिव थे। वहीं पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी महिला को निलंबित कर दिया गया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. संजय ठाकुर ने कहा कि जेओए आईटी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने वाले वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उसका मुख्यालय कहां तय होगा, यह विजिलेंस कार्रवाई की आगामी बैठक में तय होगा।