प्राकृतिक खेती और आत्मनिर्भर किसान बनने के गुर सीखकर विद्यार्थियों ने जाना पर्यावरण संरक्षण का महत्व
आपकी खबर, ब्यूरो।
बगशाड़ (मंडी), 13 नवंबर। सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगशाड़ में कृषि विषय के विद्यार्थियों के लिए प्राकृतिक खेती पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान (गेस्ट लेक्चर) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला मंडी के प्रगतिशील किसान सोम कृष्ण गौतम ने कक्षा दसवीं, जमा एक और जमा दो के विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

सोम कृष्ण गौतम ने विद्यार्थियों को बताया कि प्राकृतिक खेती किस प्रकार किसानों के लिए कम लागत में अधिक उत्पादन और उच्च गुणवत्ता वाली फसल प्राप्त करने का बेहतर माध्यम बन सकती है। उन्होंने प्राकृतिक खेती में जैविक घटकों के निर्माण, उनके उपयोग तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
उन्होंने देसी गाय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती में देसी गाय की अहम भूमिका है और इसके माध्यम से किसान कम खर्च में खेती को अधिक लाभकारी बनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने देसी बीजों के संरक्षण, उनके सुरक्षित भंडारण तथा फसल विविधीकरण (क्रॉप डायवर्सिटी) की प्रक्रिया के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी।
व्याख्यान के दौरान जल, जंगल और जमीन के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग और संरक्षण करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को खानपान और स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया। सोम कृष्ण गौतम ने बच्चों को कुरकुरे, चिप्स, अत्यधिक मसालेदार खाद्य पदार्थों और शुगरयुक्त कोल्ड ड्रिंक जैसे जंक फूड से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ऐसे खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों की कमी और नमक, चीनी व वसा की अधिकता स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इनके अत्यधिक सेवन से मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती, किसान आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, बीज संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सोम कृष्ण गौतम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा कृषि विषय के प्रवक्ता डॉ. ललित कुमार का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कृषि, प्रकृति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालय द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय है।
