
होली हेवन पब्लिक स्कूल में ‘मेरे सपनों का भारत’ पेंटिंग प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
‘विकसित भारत का संकल्प’ पर विद्यार्थियों ने रखे विचार, होली हेवन पब्लिक स्कूल में हुआ कार्यक्रम
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 26 सितंबर। होली हेवन पब्लिक स्कूल में ‘मेरे सपनों का भारत’ पेंटिंग प्रतियोगिता एवं ‘विकसित भारत का संकल्प’ पहल के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और देश के भविष्य को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा, शिमला किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिनेश ठाकुर, कुसुम्पटी मंडल अध्यक्ष भारत भूषण, किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव प्रेम चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर तथा स्कूल के प्रधानाचार्य विद्या नंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से भारत को लेकर अपने सपनों और विचारों को कागज पर उकेरा। उनकी पेंटिंग्स में विकसित, स्वच्छ, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना के साथ देश के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच दिखाई दी।
इसके साथ ही ‘विकसित भारत का संकल्प’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपने विचार रखे और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं तथा विद्यार्थियों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रतिभागियों ने पेंटिंग और भाषण के माध्यम से न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि देश के प्रति अपनी सोच और जिम्मेदारी की भावना भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को उनके उत्साह और शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य विद्या नंद शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और विचारों को सामने रखने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
