
हिन्द एजुकेशन की AI पर विशेष कार्यशाला, विशेषज्ञों ने बताए तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के गुर
सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो, वीडियो और भ्रामक कंटेंट की पहचान करने के तरीकों पर हुआ मंथन
AI की कार्यप्रणाली और भविष्य की संभावनाओं से भी रूबरू हुए प्रतिभागी
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 8 अक्तूबर। हिन्द एजुकेशन द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर एक विशेष एवं ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को AI की बढ़ती उपयोगिता, इसकी तकनीकी कार्यप्रणाली तथा सोशल मीडिया के क्षेत्र में इसके सकारात्मक, सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञ वक्ताओं ने AI के माध्यम से तैयार किए जा रहे भ्रामक कंटेंट, फर्जी फोटो-वीडियो और डिजिटल दुनिया में फैल रही गलत सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अजय बन्याल, APRO शिमला, ने सोशल मीडिया पर AI के दुरुपयोग और इसके माध्यम से फैलाए जा रहे भ्रामक एवं गुमराह करने वाले कंटेंट के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि AI तकनीक की सहायता से फोटो, वीडियो, आवाज और अन्य डिजिटल सामग्री को इस तरह तैयार किया जा सकता है कि वास्तविक और कृत्रिम सामग्री के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाए।
उन्होंने प्रतिभागियों को ऐसे कंटेंट की पहचान करने, जानकारी की प्रामाणिकता जांचने और किसी भी पोस्ट या संदेश को बिना सत्यापन के आगे साझा न करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय विवेक, सतर्कता और जिम्मेदारी को आवश्यक बताया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) मनु सूद, अध्यक्ष, D.S. एवं AI विभाग, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तकनीकी पक्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सरल एवं रोचक तरीके से समझाया कि AI मॉडल किस प्रकार विकसित किए जाते हैं, उन्हें डेटा कैसे उपलब्ध कराया जाता है तथा प्रशिक्षण की प्रक्रिया के माध्यम से वे किस तरह कार्य करना सीखते हैं। उन्होंने AI की कार्यप्रणाली, इसकी व्यापक संभावनाओं और शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय तथा अन्य क्षेत्रों में इसके बढ़ते प्रभाव पर भी महत्वपूर्ण विचार रखे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में हिन्द एजुकेशन के अध्यक्ष अनुज पन्त ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में AI केवल तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, मीडिया और समाज के लगभग हर क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में युवाओं को इस आधुनिक तकनीक की सही समझ प्रदान करना और इसके सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर महीधर प्रसाद, हिमाचल प्रान्त अभिलेखागार एवं विचार प्रबोधन प्रमुख, तथा अनिल भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अजय सूद, माननीय संघचालक, जिला शिमला जगदीश, शिमला जिला कार्यवाह अभिषेक, प्रचारक अनिल गर्ग उधम सुनील ग्रोवर तथा अंग्रेज कपूर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों में AI को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं द्वारा दी गई जानकारी से उपस्थित लोगों को जहां आधुनिक तकनीक की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को समझने का अवसर मिला, वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फर्जी फोटो-वीडियो, AI से निर्मित सामग्री और भ्रामक सूचनाओं से बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी भी प्राप्त हुई। कार्यशाला ने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक का लाभ उठाने के साथ-साथ उसकी सीमाओं और संभावित दुरुपयोग के प्रति जागरूक रहना भी उतना ही जरूरी है।
हिन्द एजुकेशन द्वारा आयोजित यह कार्यशाला आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को AI की संभावनाओं से परिचित कराने तथा समाज में डिजिटल साक्षरता और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
