कुफ्टाधार में हिंदू सम्मेलन में समाज जीवन के अनेक आयामों पर चर्चा
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 14 दिसंबर। हिन्दू सम्मेलन समिति कुफ्टाधार की ओर से बस्ती में रविवार को हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया गया। स्थानीय समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में संस्कार, एकता और राष्ट्रबोध को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दीप राम गर्ग ने समाज जीवन के अनेक महत्वपूर्ण आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, स्वयं का भाव, सामाजिक समरसता तथा नागरिक कर्तव्य बोध जैसे विषयों पर गहन विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि एक सजग और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक ही समाज और राष्ट्र को सही दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सरस्वती वंदना रही। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और संस्कारमय बना दिया। इसे सभागार में उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खेम चंद जोशी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सतेंदर पम्मी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त नगर संघ चालक उधम, शिमला विभाग विमर्श प्रमुख एवं हिन्दू सम्मेलन संयोजक अनुज पंत, सह जिला कार्यवाह हरीश, कार्यवाह माधव, नगर अशोक तथा शीतल प्रान्त प्रबुद्ध महिला सम्पर्क प्रमुख, सेविका समिति भी मौजूद रहीं।

