नाथपा बांध से 25 फरवरी को छोड़ा जाएगा पानी, सतलुज किनारे न जाएं लोग – प्रशासन की चेतावनी
सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा रेडियल गेटों का रखरखाव
170 क्यूमेक पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
आपकी खबर, झाकड़ी।
24 फरवरी। जिला शिमला के झाकड़ी क्षेत्र में स्थित नाथपा बांध से 25 फरवरी 2026 को निर्धारित समय पर पानी छोड़े जाने की सूचना जारी की गई है। बांध प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नाथपा बांध के रेडियल गेटों के रखरखाव का कार्य बुधवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान रेडियल गेटों के माध्यम से लगभग 170 क्यूमेक (घन मीटर प्रति सेकंड) पानी छोड़ा जाएगा, जिससे सतलुज नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
प्रशासन और परियोजना प्रबंधन ने आम जनता, किसानों, मजदूरों तथा नदी किनारे काम करने वाले लोगों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान सतलुज नदी के किनारे न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील
बांध प्रबंधन ने कहा है कि यह प्रक्रिया नियमित रखरखाव का हिस्सा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी लोग निर्धारित समय तक नदी से दूरी बनाए रखें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही लोगों को नदी किनारे जाने की अनुमति होगी।

