अब नहीं छूटेगी कोई परीक्षा, ‘सिंगल एग्जाम कैलेंडर’ लागू करवाने के लिए एनएसयूआई ने चलाया डिजिटल हस्ताक्षर अभियान
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 27 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों एवं युवाओं को परीक्षाओं के दौरान आने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन हिमाचल प्रदेश ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल के नेतृत्व में संगठन प्रदेश में ‘सिंगल एग्जाम कैलेंडर सिस्टम’ लागू करवाने तथा अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले अथवा नजदीकी क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी डिजिटल हस्ताक्षर एवं सुझाव अभियान शुरू करने जा रहा है।

प्रेस को जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लोक सेवा आयोग राज्य चयन आयोग, स्कूल शिक्षा बोर्ड तथा प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित की जाने वाली भर्ती एवं शैक्षणिक परीक्षाओं की तारीखों में आपसी समन्वय के अभाव में कई बार टकराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इसके अतिरिक्त कई बार प्रदेश की भर्ती परीक्षाएं उसी दिन निर्धारित कर दी जाती हैं, जिस दिन केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परीक्षाएं जैसे SSC, CTET एवं UGC-NET आयोजित होती हैं। इसका सीधा नुकसान प्रदेश के उन हजारों युवाओं को उठाना पड़ता है, जो एक साथ विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे होते हैं।
उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार का युवा बड़ी मेहनत और आर्थिक संसाधन खर्च करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। कई बार एक ही दिन दो परीक्षाएं होने के कारण उसे मजबूरी में किसी एक परीक्षा को छोड़ना पड़ता है। वहीं, दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ और मानसिक तनाव बढ़ता है। यह समस्या प्रदेश के युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है और इसका स्थायी समाधान होना आवश्यक है।
