जोधपुर के होनहार खिलाड़ियों का कमाल, मैना सियोल और सोभाग सिंह का BCCI कैंप में चयन
मेहनत रंग लाई: जोधपुर के खिलाड़ियों का BCCI कैंप में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
आपकी खबर, ब्यूरो।
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां की बेटी मैना सियोल का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अंडर-19 कैंप के लिए हुआ है, जबकि बेटे सोभाग सिंह को अंडर-16 कैंप में जगह मिली है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
इस सफलता पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है तथा यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि बड़ी सफलता निरंतर प्रयास और समर्पण से ही मिलती है। मैना सियोल और सोभाग सिंह ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
स्थानीय खेल प्रेमियों और परिजनों ने भी दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उनका मानना है कि यह चयन न केवल जोधपुर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए प्रेरणादायक है और आने वाले समय में ये खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
