
हिमाचल शिक्षक महासंघ ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, महंगाई भत्ते का बकाया और वेतन आयोग की अगली किस्त जारी करने की उठाई मांग
प्रदेश अध्यक्ष विनोद सूद ने कर्मचारी हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद
प्रांत मीडिया प्रमुख शशि शर्मा ने लंबित वित्तीय लाभ जारी करने का किया आग्रह
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 23 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सूद ने प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों एवं शिक्षकों के हित में उठाए गए सकारात्मक कदमों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
विनोद सूद ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक और कर्मचारी राज्य की शिक्षा व्यवस्था तथा विकास की आधारशिला हैं। प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिए जाने वाले निर्णय निश्चित रूप से सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ सदैव कर्मचारी हितों के संरक्षण के साथ-साथ प्रदेश की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री भविष्य में भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके लंबित वित्तीय मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेंगे।
वहीं, हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत मीडिया प्रमुख शशि शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की लंबित बकाया राशि तथा छठे वेतन आयोग के अंतर्गत संशोधित वेतन के बकाये की अगली किस्त भी शीघ्र जारी की जाए।
शशि शर्मा ने कहा कि महंगाई भत्ता कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई से राहत प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महंगाई भत्ते की बकाया राशि तथा वेतन आयोग के लंबित वित्तीय लाभ कर्मचारियों की मेहनत से अर्जित अधिकार हैं। इनका समयबद्ध भुगतान होने से हजारों कर्मचारी परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बच्चों की शिक्षा, पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा अन्य आवश्यक खर्चों के कारण कर्मचारियों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
शशि शर्मा ने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महंगाई भत्ते के लंबित बकाये और वेतन आयोग की अगली किस्त जारी करने के लिए शीघ्र समयबद्ध निर्णय ले, ताकि कर्मचारियों में विश्वास और उत्साह का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों की भावनाओं और आर्थिक आवश्यकताओं को समझते हुए इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे।
हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने दोहराया कि संगठन “राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक और शिक्षक हित में समाज” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए शिक्षक हित, कर्मचारी कल्याण और शिक्षा की गुणवत्ता के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
शशि शर्मा
प्रांत मीडिया प्रमुख
हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ
