सरकाघाट जघन्य हत्याकांड पर महिला मोर्चा उपाध्यक्ष प्रतिभा कंवर का हमला, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
महिला सुरक्षा पर घिरी सरकार, सरकाघाट घटना को लेकर भाजपा का तीखा प्रहार
आपकी खबर, ब्यूरो।
अर्की। मंडी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हत्या के जघन्य मामले को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। इस घटना को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रतिभा कंवर ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार जमीन घोटालों को दबाने में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल बन गया है।
प्रतिभा कंवर ने कहा कि इससे पहले भी मंडी में एक बॉडी बिल्डर की हत्या के मामले में नशेड़ियों की संलिप्तता सामने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार नशा रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, जैसे मारपीट और तेजाब कांड में वृद्धि हो रही है, जो बेहद चिंताजनक है। ऐसे मामलों से सरकार के महिला सुरक्षा के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा आज प्रदेश का सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
