साई इंटरनल फाउंडेशन ने 154 विद्यार्थियों को वितरित किए निःशुल्क स्वेटर
शामलाघाट स्कूल में साई इंटरनल फाउंडेशन की सराहनीय पहल, विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए दी राहत
आपकी खबर, ब्यूरो
शिमला, 27 अक्तूबर। साई इंटरनल फाउंडेशन (न्यू शिमला) की ओर से मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शामलाघाट में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के 154 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए। फाउंडेशन की इस पहल से विद्यार्थियों को सर्दी के मौसम में राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में साई इंटरनल फाउंडेशन के राकेश गुलेरिया और उनकी टीम ने विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदु शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान यशपाल ठाकुर तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अमर चंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदु शर्मा ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए इस तरह के प्रयास सराहनीय हैं। ऐसे सामाजिक कार्य विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
साई इंटरनल फाउंडेशन की ओर से किया गया यह प्रयास समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की भावना को दर्शाता है। स्वेटर वितरण से विद्यार्थियों को सर्दियों में सुविधा मिलेगी और संस्था की इस पहल से समाज में जरूरतमंदों की मदद करने का सकारात्मक संदेश भी जाएगा।
