बॉबी बंसल तीसरी बार बनीं ग्राम पंचायत नहेवग नेहरा की प्रधान
जनता के विश्वास पर खरी उतरने का किया वादा, विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की कही बात
आपकी खबर, ब्यूरो।
घणाहट्टी, 27 मई। ग्राम पंचायत नहेवग नेहरा की जनता ने एक बार फिर बॉबी बंसल पर भरोसा जताते हुए उन्हें तीसरी बार पंचायत प्रधान चुना है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह लोगों ने मिठाइयां बांटकर और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत कर जीत का जश्न मनाया।
बॉबी बंसल इससे पहले पार्टी में 2 बार जिला उपाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष, प्रदेश महिला मोर्चा में महिला मोर्चा में मीडिया सह प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभा चुकी हैं। लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी रहने के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बॉबी बंसल ने हमेशा लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। यही कारण है कि जनता ने तीसरी बार उन्हें पंचायत की कमान सौंपी है।
प्रधान चुने जाने के बाद बॉबी बंसल ने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे पंचायत क्षेत्र की जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास को नई दिशा देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास किया जाएगा। जनता के सहयोग और सुझावों के साथ पारदर्शिता से विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे, ताकि पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जा सके।
बॉबी बंसल की इस जीत को क्षेत्र में महिला नेतृत्व की मजबूती के रूप में भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और क्षेत्र में जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
