हिमाचल में भाजपा आ रही है, कांग्रेस जा रही है : सुमीत शर्मा
भाजपा प्रदेश कार्यालय में ग्रामीण मंडल की मासिक बैठक आयोजित
जगह जगह आयोजित होंगे धरना प्रदर्शन, जनता के बीच लाएंगे सरकार की कारगुजारी : रवि मेहता
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 13 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि जनता अब सरकार के कथित कुशासन और वादाखिलाफी से परेशान हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

वीरवार को शिमला ग्रामीण मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने की। इस दौरान मुख्य रूप से जिला प्रभारी सुमीत शर्मा और सह प्रभारी अजय ठाकुर, जिला अध्यक्ष केशव चौहान, पूर्व प्रत्याशी रवि मेहता, सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह कंवर, कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सह प्रभारी अजय ठाकुर ने संगठन की ओर से किए जाने वाले करणीय कार्यों के। बारे में बताया। उधर पूर्व प्रत्याशी रवि मेहता ने कहा कि अब तक की नकारा सुक्खू सरकार पूरी तरह से विफल रही है। पहले सत्ता में आने के लिए झूठी घोषणाएं की गई। जिसे आज तक पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आगामी समय में ग्रामीण मंडल हर जगह सुक्खू सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाएगी। साथ ही धरने और प्रदर्शन कर सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
जिला प्रभारी सुमीत शर्मा ने कहा कि हिमाचल में अब भाजपा के सत्ता में आने और कांग्रेस के जाने का माहौल बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार से प्रदेश के हर वर्ग को निराशा हाथ लगी है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है।
सुमीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की जनता से दस गारंटियों का वादा किया था, लेकिन इनमें से कोई भी गारंटी धरातल पर पूरी होती दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में आम जनता, कर्मचारी, किसान, बागवान, युवा और अन्य वर्गों में असंतोष बढ़ा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय अपने करीबी लोगों और मित्रों को खुश करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से आम जनता त्रस्त हो चुकी है।
भाजपा नेता ने प्रदेश के बागवानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था में बागवानी का महत्वपूर्ण योगदान है, लेकिन बागवानों को अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सेब सहित अन्य बागवानी उत्पादों की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों-बागवानों को उनकी मेहनत के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा।
उन्होंने कहा कि सरकार को बागवानों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है।
सुमीत शर्मा ने कहा कि हिमाचल का मतदाता अब जागरूक हो चुका है और वह सरकार के कामकाज का हिसाब लेने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ जनता का आक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के लिए प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए मजबूत प्रत्याशी तलाशना भी मुश्किल हो सकता है। भाजपा नेता ने दावा किया कि जनता भाजपा के पक्ष में खड़ी है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होना तय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटे हैं और जिला शिमला में भी पार्टी आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकारों के कामकाज को जनता तक पहुंचाने तथा आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
सुमीत शर्मा ने कहा कि हिमाचल की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण मोड़ साबित होंगे।
