शिक्षक राष्ट्र निर्माण का आधार, विद्यार्थियों के जीवन के सच्चे मार्गदर्शक : प्रो. डॉ. वीर सिंह रांगड़ा
हिन्द एजुकेशन में शिक्षक दिवस पर भव्य समारोह, 400 से अधिक विद्यार्थी एवं अभिभावक रहे उपस्थित
हिमाचली नाटी सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 5 सितंबर। हिन्द एजुकेशन द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को एक भव्य एवं गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रान्त के संघचालक प्रो. डॉ. वीर सिंह रांगड़ा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। संजय सूद मुख्य अतिथि तथा स्वामी रामरूपानंद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। हिन्द एजुकेशन के अध्यक्ष अनुज पन्त ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का हार्दिक स्वागत करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रो. डॉ. वीर सिंह रांगड़ा ने शिक्षक दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी को शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला सच्चा मार्गदर्शक होता है। शिक्षक ही संस्कारवान, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक तैयार कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि संजय सूद तथा विशिष्ट अतिथि स्वामी रामरूपानंद ने भी शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने विचार रखे और हिन्द एजुकेशन द्वारा शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विशेष रूप से हिमाचली लोकनृत्य नाटी ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में 400 से अधिक विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को और अधिक मजबूत किया।
अंत में हिन्द एजुकेशन की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।
