
मालरोड के नगर निगम पार्क का एक करोड़ रुपये से होगा सौंदर्यीकरण, विधायक जनारथा ने किया भूमि पूजन
बढ़ेगी मालरोड की सुंदरता, पर्यटकों को भी मिलेगी सुविधा
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 17 अक्तूबर। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड पर रोटरी टाउन हॉल के सामने स्थित नगर निगम पार्क को एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा ने शनिवार को पार्क के विकास कार्य का शुभारंभ करते हुए भूमि पूजन किया। इस दौरान पूजा-अर्चना और हवन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। विधायक ने भूमि पर गैंती चलाकर कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया।
पार्क को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप सुंदर और व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाएगा। इसके विकसित होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ शिमला घूमने आने वाले पर्यटकों को भी बैठने और कुछ समय सुकून से बिताने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि शिमला शहर की सुंदरता को बढ़ाने और शहरवासियों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मॉल रोड शिमला का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में यहां स्थित नगर निगम पार्क के विकसित होने से शहर की सुंदरता में और निखार आएगा। साथ ही, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह पार्क मॉल रोड की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही लोगों के लिए सुविधाजनक स्थान के रूप में भी उपयोगी साबित होगा।
