
चलहोग पंचायत में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे विशेष मॉनिटर उमाकांत, पंचायत के लोगों से किया संवाद
चलहोग पंचायत की समस्याओं से रूबरू हुए उमाकांत, विकास कार्यों में पारदर्शिता पर जोर
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 13 अक्तूबर। चलहोग पंचायत में पंचायती राज एवं स्थानीय स्वशासन के विशेष मॉनिटर उमाकांत ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा पंचायत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीण विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा और पंचायत के माध्यम से किए जा रहे कार्यों को लेकर चर्चा की।
दौरे के दौरान पंचायत क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा भी लिया। साथ ही, स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। पंचायत में विकास कार्यों को पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। उनके साथ डीपीओ डॉ. विनय रुड़की, टुटू ब्लॉक के बीडीओ ब्रिजेश भारद्वाज, निरीक्षक प्रेम चंद, चल्होग की प्रधान सुमन गर्ग, उप प्रधान प्रेम चंद, वार्ड सदस्यों सहित स्थानीय पंचायत के लोग भी मौजूद थे।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सामने रखा। ग्रामीणों के सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।
दौरे का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, लोगों की समस्याओं को समझना और स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास करना रहा।
