
ओजस्विनी’ सम्मेलन में युवतियों को आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित
RSS के शताब्दी वर्ष पर अभाविप का आयोजन, युवतियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर
अभाविप जिला शिमला ने आयोजित किया युवती सम्मेलन ‘ओजस्विनी’, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 13 अक्तूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला शिमला द्वारा युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने के उद्देश्य से युवती सम्मेलन ‘ओजस्विनी’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया और युवतियों को समाज तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय रेड क्रॉस प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत प्रबुद्ध महिला संपर्क प्रमुख अधिवक्ता शीतल व्यास ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला समाजसेवी दीपाली राठौर ने की। इसके अतिरिक्त अभाविप हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री नैन्सी अटल तथा महिला समाजसेवी अनु वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में आयोजित इस सम्मेलन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका को रेखांकित किया गया। भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति, ज्ञान, साहस और सृजन का प्रतीक बताते हुए युवतियों को ऐतिहासिक महिला विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सम्मेलन में युवतियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के महत्व, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता और समाज में व्याप्त चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया गया। महिला सशक्तीकरण को समान अवसर, सम्मान, सुरक्षा और महिलाओं की प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने से जोड़ते हुए समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
अभाविप जिला शिमला का मानना है कि राष्ट्र का समग्र विकास तभी संभव है, जब युवाओं के साथ युवतियों को भी अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर मिलें। इसी उद्देश्य से आयोजित युवती सम्मेलन ‘ओजस्विनी’ युवतियों में आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। अभाविप जिला शिमला ने भविष्य में भी युवाओं एवं युवतियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सकारात्मक गतिविधियां जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
