
नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन को डब्ल्यूएसओ-इंडिया का प्रतिष्ठित प्लेटिनम 5-स्टार अवार्ड
कार्यस्थल पर सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान
आपकी खबर, ब्यूरो।
झाकड़ी, 14 अक्तूबर। एसजेवीएन के देश के सबसे बड़े भूमिगत 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। स्टेशन को प्रतिष्ठित वर्ल्ड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएसओ) के ओएचएस एंड ई अवार्ड्स 2026 के अंतर्गत ‘मोस्ट आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस – प्लेटिनम 5-स्टार ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र 2026’ से सम्मानित किया गया है।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि यह सम्मान नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन की टीम के निरंतर प्रयासों, कार्यस्थल पर उच्च सुरक्षा मानकों को बनाए रखने, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता तथा दैनिक कार्यप्रणाली में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संकल्प का प्रमाण है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार वर्ल्ड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन-इंडिया के मूल्यांकनकर्ता द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण और उसके बाद डब्ल्यूएसओ के निर्णायक मंडल द्वारा किए गए अंतिम मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया।
मुंबई में 13 अक्टूबर को आयोजित डब्ल्यूएसओ-इंडिया के पांचवें राज्य स्तरीय ओएचएस एंड ई पुरस्कार समारोह में एनजेएचपीएस के महाप्रबंधक सोनी कुमार ने स्टेशन की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना प्रमुख राजीव कपूर और एनजेएचपीएस की पूरी टीम को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करने की परंपरा से सदैव सभी को गौरवान्वित करता रहा है।
यह सम्मान न केवल एनजेएचपीएस की सुरक्षा-केंद्रित कार्यसंस्कृति और संस्थागत उत्कृष्टता को रेखांकित करता है, बल्कि जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में सुरक्षित, जिम्मेदार और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील कार्यप्रणाली के प्रति स्टेशन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
