
केलांग : जिप बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, पर्यटन सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान पर दिया जोर
आपकी खबर, ब्यूरो।
केलांग, 22 अक्तूबर। जिला परिषद सम्मेलन कक्ष में जिला परिषद अध्यक्ष ठिनले दिचेन की अध्यक्षता में जिला परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आईटीडीपी) अश्वनी कुमार तथा जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद के सचिव संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान सभी विभागों और जिला परिषद के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।
पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को चिह्नित करने तथा वहां वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। इसके लिए पुलिस और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के सहयोग से उपयुक्त पार्किंग स्थलों की पहचान करने के साथ-साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक शौचालय, सूचना एवं दिशा-निर्देश बोर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और रेलिंग स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। त्रिलोकीनाथ बस स्टैंड के समीप स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया।
विद्युत विभाग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत सिस्सू एवं शाशिन नाला क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने तथा उसकी स्थापना की स्थिति की समीक्षा की चर्चा भी की गयी। साथ ही विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की संभावनाओं का आकलन करने पर भी चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज से जुड़े मुद्दों के अंतर्गत ग्राम पंचायत गौशाल में पंचायत घर के निर्माण तथा आंगनवाड़ी भवन की उपलब्धता का विषय उठाया गया। संबंधित विभाग की ओर से वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आंगनवाड़ी केंद्र शुरू करने के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत कोलोंग में राजकीय प्राथमिक पाठशाला को पुनः खोलने की मांग पर भी चर्चा की गई।
एचआरटीसी से संबंधित चर्चा में बस सेवाओं की समय-सारणी में सुधार तथा जिन क्षेत्रों में बस सेवा उपलब्ध नहीं है, वहां परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
कृषि एवं बागवानी विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों और बागवानों को फसलों तथा फल-सब्जियों में होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए गांव-गांव में जागरूकता शिविर आयोजित करने पर जोर दिया गया। साथ ही अनधिकृत रूप से पौधों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई करने तथा विभागों में स्वीकृत पदों से संबंधित विवरण शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित चर्चा में काजा क्षेत्र में चिकित्सकों, दवाइयों, एम्बुलेंस तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि स्थानीय लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में सुरेश कुमार उपाध्यक्ष जिला परिषद, जिला परिषद सदस्य राम सिंह (कोलोंग), पूनम देवी (जाहलमा), रूब देई (उदयपुर), शशि किरण (केलांग), सोनम बोध (सिस्सू) तथा रणजीत (त्रिलोकीनाथ) सहित जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अश्वनी कुमार गुलेरिया, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सूर्या शर्मा, नायब तहसीलदार शेर सिंह तथा कृषि विभाग के निदेशक चौधरी राम, एचआरटीसी आर एम अंचित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
