शिमला के संकट मोचन मंदिर में चोरी, 12 किलो चांदी के मुकुट और सोने की नथ लेकर फरार हुआ शातिर
मंदिर से नकदी भी उड़ा ले गया चोर, संदिग्ध की तस्वीर जारी; पुलिस ने लोगों से पहचान में मदद की अपील की
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 1 नवंबर। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोर मंदिर से करीब 12 किलो चांदी के मुकुट, सोने की नथ और नकदी लेकर फरार हो गया। धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस की ओर से संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर भी जारी की गई है, ताकि उसकी पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि जारी की गई तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति के बारे में किसी को कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
संकट मोचन मंदिर में हुई इस वारदात ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने चोरी की घटना पर चिंता जताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
