कॉमली बैंक बस्ती में भव्य हिन्दू सम्मेलन संपन्न, सामाजिक मूल्यों पर हुआ मंथन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 25 दिसंबर। कॉमली बैंक बस्ती क्षेत्र में वीरवार को हिन्दू सम्मेलन समिति, कॉमली बैंक की ओर से भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में स्थानीय समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जय प्रकाश ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में समाज जीवन के अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, स्वयं का भाव, सामाजिक समरसता तथा नागरिक कर्तव्य बोध जैसे विषयों पर विस्तार से विचार रखते हुए कहा कि एक सजग और जिम्मेदार नागरिक ही राष्ट्र को सुदृढ़ दिशा प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ सुना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वामी तन्महिमानंद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महिलाओं की है। उनके वक्तव्य से पूरे कार्यक्रम में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वीना ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मंजू उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त नगर संघ चालक उधम, शिमला विभाग विमर्श प्रमुख एवं हिन्दू सम्मेलन के संयोजक अनुज पन्त तथा कार्यवाह माधव नगर अशोक की गरिमामयी उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
समारोह का संचालन अनुशासनपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

