
माहूं नाग स्कूल में PVS कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने सीखी प्राकृतिक खेती और देसी बीजों के संरक्षण की बारीकियां
स्कूली बच्चों को खेत से जोड़ने की पहल, माहूं नाग में प्राकृतिक खेती और देसी बीजों पर हुआ फील्ड एक्सपोजर
आपकी खबर, ब्यूरो।
मंडी, 3 अक्तूबर। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल माहूं नाग के कृषि विषय के विद्यार्थियों के लिए प्राकृतिक खेती को लेकर फील्ड एक्सपोजर विजिट एवं PVS (Participatory Varietal Selection) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती, देसी बीजों के संरक्षण और स्वस्थ एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मिलेट्स फेलो, जिला मंडी सोम कृष्ण ने विद्यार्थियों के साथ प्राकृतिक खेती के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भविष्य में प्राकृतिक खेती को अपनाना क्यों आवश्यक है और इसका मृदा स्वास्थ्य, मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण संरक्षण में क्या महत्व है।
इस दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न जैविक घटकों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बीज और अनाज के बीच अंतर, देशी बीजों की पहचान एवं चयन, उन्हें तैयार करने, सुरक्षित रखने और उचित तरीके से भंडारण करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
सोम कृष्ण ने बताया कि देशी बीजों में अनेक पारंपरिक एवं स्थानीय विशेषताएं होती हैं। इन बीजों का संरक्षण किसानों की कृषि परंपरा और जैव विविधता को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के प्राकृतिक एवं देसी अनाजों और बीजों के चयन तथा संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों को केवल किताबों तक सीमित कृषि शिक्षा के बजाय खेत और किसान से जुड़कर सीखने का अवसर मिलता है। इससे विद्यार्थियों में प्राकृतिक संसाधनों, खेती और पर्यावरण के प्रति समझ विकसित करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा गया कि PVS जैसे कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को स्थानीय फसलों, देसी बीजों, प्राकृतिक खेती और स्वस्थ खान-पान के महत्व की जानकारी मिल सके। इससे बच्चों को अपनी कृषि परंपराओं और प्राकृतिक संसाधनों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
इस फील्ड एक्सपोजर विजिट के आयोजन के लिए गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल माहूं नाग के एग्रीकल्चर लेक्चरर अमरनाथ का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में मेहनत कर रही प्रगतिशील किसान उमावती एवं भाई बुद्धि सिंह का भी धन्यवाद किया गया, जिनकी मेहनत और प्राकृतिक खेती के प्रति समर्पण के चलते विद्यार्थियों को खेती के व्यावहारिक पहलुओं को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित आसपास के सभी प्रगतिशील किसानों का भी आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती, देसी बीजों और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की दिशा में सराहनीय एवं अनुकरणीय प्रयास बताया गया।
