पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शिमला में युवा कांग्रेस का विशाल मशाल जुलूस
मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, युवाओं ने शिमला में निकाला मशाल जुलूस
युवाओं के भविष्य और बढ़ती महंगाई पर फूटा गुस्सा, शिमला में युवा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 18 जून। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने वीरवार को केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, ईंधन संकट तथा विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में शिमला में विशाल मशाल जुलूस एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह मशाल जुलूस प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से प्रारम्भ होकर लोअर बाजार होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक निकाला गया, जिसमें युवा कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर गहरी चिंता में है। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने करोड़ों युवाओं के सपनों और मेहनत पर चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार देने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से हर वर्ग प्रभावित है। युवा कांग्रेस युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों तथा आम जनता के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करेगी।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी ज्योतिष एच. एम. ने कहा कि देश के युवाओं का विश्वास वर्तमान सरकार की नीतियों से लगातार टूट रहा है। रोजगार, शिक्षा और अवसरों के मुद्दों पर सरकार के पास कोई स्पष्ट दृष्टि नहीं है।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस देशभर में युवाओं की आवाज को बुलंद कर रही है और जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से शिमला नगर निगम के महापौर सुरेन्द्र चौहान तथा ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मशाल जुलूस में शामिल हुए और प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर महापौर सुरेन्द्र चौहान ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर देशभर में गहरी चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी आवाज बुलंद करने का पूरा अधिकार है और युवा कांग्रेस द्वारा जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाना स्वागतयोग्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए तथा महंगाई और रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जवाबदेह होना चाहिए।
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहा है। भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और युवा कांग्रेस युवाओं तथा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनहित के मुद्दों पर संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई, बेरोजगारी, ईंधन संकट तथा परीक्षा घोटालों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनता और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संगठन का संघर्ष भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर युवा कांग्रेस, कांग्रेस पार्टी तथा विभिन्न सहयोगी संगठनों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष एवं लोकसभा सांसद राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा 19 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आम नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस जनसेवा अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का जनसेवा, सामाजिक न्याय और आम लोगों के कल्याण के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है तथा इसी भावना के अनुरूप युवा कांग्रेस द्वारा यह स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
