शिमला के गलोट गांव के अग्निवीर आयुष ठाकुर को मिला सेना अध्यक्ष प्रशंसा मैडल, वीरता पर हिमाचल को गर्व
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 18 अगस्त। शिमला ग्रामीण की गलोट पंचायत के गांव गलोट के युवा अग्निवीर आयुष ठाकुर उर्फ अंशु को उनके अदम्य साहस और वीरता के लिए सेना अध्यक्ष प्रशंसा मैडल से सम्मानित किया गया है। गुजरात में आयोजित समारोह के दौरान उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। आयुष की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव गलोट सहित पूरे शिमला जिले और हिमाचल प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
गलोट गांव के ओम प्रकाश ठाकुर के सुपुत्र आयुष ठाकुर वर्ष 2024 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे। सेना में सेवा के दौरान उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असम के तीनसुकिया में सेना शिविर पर हुए आतंकवादी हमले के दौरान आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में आयुष ठाकुर ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरता दिखाई थी। उनके इसी साहस और बहादुरी को देखते हुए सेना की ओर से उन्हें सेना अध्यक्ष प्रशंसा मैडल से सम्मानित किया गया।
आयुष ठाकुर की इस उपलब्धि ने गांव गलोट का नाम गौरवान्वित किया है। ग्रामीणों ने कहा कि एक छोटे से गांव से निकलकर भारतीय सेना में सेवा करते हुए युवा ने जिस बहादुरी का परिचय दिया है, वह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
परिवार और ग्रामीणों ने आयुष ठाकुर को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी वीरता और उपलब्धि पर पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है।
