भारत-नेपाल ऊर्जा सहयोग को मिलेगी नई गति, 669 मेगावाट लोअर अरुण परियोजना का संयुक्त शिलान्यास
5,792 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी जलविद्युत परियोजना, प्रतिवर्ष होगा 2,901 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन
आपकी खबर, ब्यूरो।
नई दिल्ली/शिमला, 23 नवंबर। भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से नेपाल में एसजेवीएन की 669 मेगावाट क्षमता वाली लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का शिलान्यास किया। नई दिल्ली से आयोजित वर्चुअल समारोह के माध्यम से दोनों प्रधानमंत्रियों ने इस परियोजना की आधारशिला रखी। करीब 5,792.36 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली यह परियोजना दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करने के साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भी एसजेवीएन पर विकास साझेदार के रूप में विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। साथ ही परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियां और अनुमोदन प्राप्त करने में सहयोग देने के लिए भारत और नेपाल सरकार के विद्युत मंत्रालय, विदेश मंत्रालय तथा अन्य संबंधित मंत्रालयों का आभार जताया।
शिलान्यास समारोह के अवसर पर नेपाल में परियोजना स्थल पर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नेपाल सरकार के ऊर्जा मंत्रालय, नेपाल निवेश बोर्ड, जिला समन्वय समिति, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों, वन विभाग, सामुदायिक वन उपभोक्ता समूहों, परियोजना कर्मियों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। एसजेवीएन के प्रबंधन और कर्मचारियों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखकर वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का निर्माण पूर्वी नेपाल के संखुवासभा और भोजपुर जिलों में अरुण नदी पर किया जा रहा है। इसका विकास एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एसजेवीएन लोअर अरुण पावर डेवलपमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। परियोजना की कुल स्थापित क्षमता 669 मेगावाट होगी और इससे प्रतिवर्ष लगभग 2,901 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। परियोजना के लिए अनुमानित टैरिफ 4.99 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित किया गया है।
इस परियोजना की प्रमुख विशेषता इसका एसजेवीएन की 900 मेगावाट क्षमता वाली अरुण-3 जलविद्युत परियोजना के साथ एकीकृत संचालन है। दोनों परियोजनाओं को टैंडम ऑपरेशन प्रणाली के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अरुण-3 परियोजना से छोड़े गए पानी का उपयोग लोअर अरुण परियोजना में बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा। इससे उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा और अलग जलाशय का निर्माण किए बिना अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकेगा।
परियोजना में 167.25 मेगावाट क्षमता की चार जनरेटिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा 17.4 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल और सरफेस पावर हाउस का निर्माण किया जाएगा। परियोजना का विकास बिल्ड, ओन, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (बूट) आधार पर किया जा रहा है। इसे वित्त वर्ष 2030-31 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण के प्रमुख पैकेज आवंटित किए जा चुके हैं और विभिन्न निर्माण गतिविधियां प्रगति पर हैं।
लोअर अरुण परियोजना से नेपाल को दीर्घकालिक आर्थिक और सामाजिक लाभ मिलने की उम्मीद है। परियोजना विकास समझौते के तहत उत्पादित कुल बिजली का 21 प्रतिशत हिस्सा नेपाल सरकार को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे नेपाल की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही परियोजना से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास, स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
