एसजेवीएन के सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन का मनाया जश्न
परियोजना की सफलता पर टीम एसटीपीएल को दी बधाई, सुरक्षित और विश्वसनीय प्रचालन पर दिया जोर
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 14 सितंबर। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना (बीटीपीपी) की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन की महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएँ) राजेश कुमार चंदेल भी उपस्थित रहे।
परियोजना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर तथा औपचारिक उद्घाटन बटन दबाकर समारोह का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने परियोजना के केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया और संयंत्र के प्रचालन से संबंधित तैयारियों एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने ऐश डाइक सहित परियोजना के प्रमुख प्रचालन घटकों का भी दौरा किया।
भूपेंद्र गुप्ता ने टीम एसटीपीएल को संबोधित करते हुए 660 मेगावाट इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन की उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, समर्पण, प्रतिबद्धता और मजबूत टीम भावना को दिया।
उन्होंने परियोजना के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बक्सर ताप विद्युत परियोजना बिहार की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने टीम एसटीपीएल से इसी गति और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने विद्युत संयंत्र के सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय प्रचालन पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल का स्वागत किया।
एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएँ) राजेश कुमार चंदेल ने भी टीम एसटीपीएल की प्रतिबद्धता, निरंतर प्रयासों और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने परियोजना की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय इससे जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुदृढ़ टीम भावना को दिया।
अपने दौरे के दौरान भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव तथा बक्सर की जिला दंडाधिकारी साहिला से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान बक्सर ताप विद्युत परियोजना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में भूमि अधिग्रहण कार्य, कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर), पंप्ड स्टोरेज पावर (पीएसपी) परियोजनाएँ, विद्युत खरीद समझौते (पीपीए) से जुड़े मुद्दे, एसजेवीएन के पास उपलब्ध नवीकरणीय विद्युत तथा बिहार में संभावित निवेश के अवसरों सहित अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति एसजेवीएन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया।
बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना का निष्पादन एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) द्वारा किया गया है। परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-II का वाणिज्यिक प्रचालन हासिल होना एसजेवीएन के ताप विद्युत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि बिहार की विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति और राज्य के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
