अमेजन के साथ हेल्पिंग हैंड ऑर्गेनाइजेशन का MOU, ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा उत्पादों के लिए बड़ा बाजार
200 महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उद्यमी बनाने की पहल, प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को बांटे प्रमाण पत्र
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 4 नवंबर। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सफल उद्यमी बनाने की दिशा में हेल्पिंग हैंड ऑर्गेनाइजेशन, शिमला ने सीएमएस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित सीएमएस सेंटर फॉर एंटरप्राइज परियोजना के तहत अमेजन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बीडीओ टुटू बृजेश भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में सीएमएस फाउंडेशन की ओर से रुशिन एवं आत्मा राम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। वहीं, अमेज़न की ओर से कशिश एवं सरिता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को अमेज़न मंच पर अपने उत्पादों की सूची तैयार करने, ऑनलाइन बाजार की संभावनाओं तथा मंच से जुड़ने और पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
परियोजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिवर्ष 200 ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय अर्जित करने में सक्षम बनाना है। इसके तहत अब तक 200 महिलाओं को पाइन नीडल उत्पाद निर्माण, हस्तनिर्मित साबुन, बुनाई एवं सिलाई जैसे विभिन्न आजीविका आधारित कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। महिलाओं के उत्पादों के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक कंपनी का पंजीकरण भी किया गया है।
अमेजन के साथ हुआ यह समझौता महिलाओं के स्थानीय उत्पादों को ऑनलाइन बाजार के माध्यम से व्यापक ग्राहक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे ग्रामीण महिलाएं अपने उत्पादों का बेहतर प्रचार-प्रसार कर सकेंगी और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने के नए अवसर प्राप्त कर सकेंगी।
मुख्य अतिथि बीडीओ टुटू बृजेश भारद्वाज ने महिलाओं को संबोधित करते हुए निरंतर मेहनत करने, अपने कौशल को निखारने तथा स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार की पहल सराहनीय है और इससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
हेल्पिंग हैंड ऑर्गेनाइजेशन के चेयरमैन एवं संस्थापक कपिल कुमार ने मुख्य अतिथि, अमेजन की टीम, सीएमएस फाउंडेशन तथा परियोजना से जुड़ी सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें बाजार, उद्यमिता और स्थायी आय के अवसरों से जोड़ना भी है। अमेजन के साथ यह साझेदारी महिलाओं के उत्पादों को नई पहचान दिलाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में अहम साबित होगी।
इस अवसर पर हेल्पिंग हैंड ऑर्गेनाइजेशन की निदेशक शीतल, संस्था की समन्वयक पूनम, दमयंती तथा मुख्य प्रशिक्षक सुनीता शर्मा, चंपा देवी एवं दीक्षा मेहता सहित परियोजना से जुड़ी अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
यह पहल हिमाचल प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास के साथ-साथ बाजार से जोड़कर उन्हें सफल उद्यमी बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
