अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कल से, विक्की चौहान और बीरबल किनौरा मचाएंगे धमाल
आपकी खबर, ब्यूरो
रामपुर बुशहर, 10 नवम्बर। ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला–2025 का आयोजन 11 से 14 नवम्बर तक रामपुर बुशहर में किया जाएगा। मेले का शुभारंभ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 11 नवम्बर को करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 14 नवम्बर को करेंगे। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं में प्रदेश और देश के कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
पहले दिन हेमन्त शर्मा, गीता भारद्वाज, हनी नेगी और विक्की चौहान, दूसरे दिन वीरबल किनौरा, रमना भारती और अनुज शर्मा, तीसरे दिन रोहिणी डोगरा, किशन वर्मा, तांत्रा बॉयज और कुमार साहिल, जबकि समापन दिवस पर अर्जुन गोपाल व रंजना रघुवंशी, अंजली नानक, डॉ. मदन झाल्टा और नेहा दीक्षित अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को रंगीन बनाएंगे।
मेले के दौरान स्कूलों और स्थानीय कलाकारों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपरा और हस्तशिल्प का जीवंत प्रदर्शन इस बार मेले की विशेषता रहेगा।

