खस्ताहाल जयनगर–लगदाघाट सड़क दे रही बड़े हादसे को न्योता
500 मीटर दूर PWD कार्यालय, फिर भी नहीं हुई मरम्मत
आपकी खबर, अर्की (सोलन)।
25 मार्च। अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जयनगर में जयनगर–लगदाघाट सड़क का एक हिस्सा अत्यंत खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। यह जर्जर हिस्सा लोक निर्माण विभाग (PWD) मंडल अर्की के अनुभाग जयनगर कार्यालय से मात्र लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सड़क के किनारे का हिस्सा बुरी तरह धंस चुका है और मिट्टी का कटाव लगातार बढ़ रहा है। मार्ग की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वाहनों के गुजरने के दौरान संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद इस मार्ग पर छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहन गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना और अधिक बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के समय यह सड़क और भी खतरनाक हो जाती है। कई बार वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभाग और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग और नालागढ़ प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं। उन्होंने मांग की है कि सड़क के इस हिस्से की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, साथ ही सुरक्षा दीवार और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

