एंट्री टैक्स से बढ़ते विवाद पर गंभीरता दिखाएं सीएम सुक्खू, पंजाब के मुख्यमंत्री से करें वार्तालाप : जयराम ठाकुर
आपकी खबर, शिमला।
30 मार्च। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों पर लगाए गए भारी ’एंट्री टैक्स’ और अन्य नए करों को लेकर कड़ा प्रहार किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों को ’जनविरोधी’ और ’पर्यटन घातक’ करार दिया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि बाहरी राज्यों की गाड़ियों पर ₹170 तक का भारी टैक्स लगाकर सरकार पर्यटकों को हिमाचल आने से रोक रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे राज्य की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले पर्यटन उद्योग को अपूरणीय क्षति होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने के लिए जनता और पर्यटकों पर नए-नए कर थोप रही है। उन्होंने ’विंडो और ऑर्फन सेस’ के नाम पर तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की भी आलोचना की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इन फैसलों के कारण पंजाब और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों में भारी विरोध हो रहा है, जिससे अंतरराज्यीय संबंधों और व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार केवल खजाना भरने में व्यस्त है और उसे आम जनता और छोटे कारोबारियों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने सरकार से इन ’अपरिपक्व’ फैसलों पर तुरंत पुनर्विचार करने की मांग की।
