कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश की वन संपदा को लूटा : सुमित शर्मा
मुख्यमंत्री सुक्खू को खाते पीते, सोते जागते झूठ बोलने की हो गई आदत : अजय ठाकुर
प्रदेश की जनता को आर्थिक बोझ डालने वाली कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं : रवि मेहता
सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शोघी में विशाल धरना
शिमला ग्रामीण भाजपा मंडल की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 18 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी शिमला ग्रामीण मंडल की महत्वपूर्ण बैठक मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर की अध्यक्षता में शोघी में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा क्षेत्र में पार्टी के जनसंपर्क को और मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के बाद शोघी बाजार में सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल धरना प्रदर्शन भी किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से जिला प्रभारी सुमीत शर्मा और सह प्रभारी अजय ठाकुर, प्रदेश मीडिया सहसंयोजक प्यार सिंह कंवर कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सुमित शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार किशाऊ बांध पर झूठ बोल रही है। उन्होंने प्रदेश के 75 लाख लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश की वन संपदा को लूटा है। चाहे वो पानी के रूप में हो या फिर बिजली के रूप में। उन्होंने सुक्खू सरकार को कड़े शब्दों में कहा कि अगर किशाऊ बांध से लोगों को लाभ मिलेगा तो इस पर श्वेत पत्र लाएं।

सह प्रभारी अजय ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में केवल और केवल झूठ बोलने की राजनीति हो रही है। चाहे वो प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और किसानों की बात हो तो करीब चार वर्ष का समय सरकार को हो गया है। बावजूद इसके मित्रों को खुश करने के अलावा कोई विकास कार्य नहीं किया गया है।
2022 के प्रत्याशी रवि मेहता ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को जनादेश देकर सत्ता सौंपी थी, लेकिन सरकार बनने के बाद जनता से किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने के बजाय सरकार लगातार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि दस गारंटियों के नाम पर प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।
रवि मेहता ने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने आम जनता को राहत देने के बजाय महंगाई और विभिन्न प्रकार के आर्थिक बोझ का सामना करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से कर्मचारी, युवा, महिलाएं और आम वर्ग प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार के कामकाज का हिसाब मांग रही है। जनता ने जिन उम्मीदों के साथ कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी, उन उम्मीदों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव के दौरान किए गए वादों और गारंटियों की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए तथा जनता को बताना चाहिए कि इनमें से कितने वादे पूरे किए गए हैं।
रवि मेहता ने कहा कि भाजपा लगातार जनहित के मुद्दों को उठाती रही है और प्रदेश की जनता की आवाज को मजबूती से सामने रखती रहेगी।
बैठक में मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा केंद्र एवं प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके बूथ और स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं से होती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और क्षेत्र में सक्रियता बनाए रखना आवश्यक है। इस अवसर पर मंडल से जुड़े पदाधिकारी, विभिन्न दायित्व संभाल रहे कार्यकर्ता तथा अन्य सदस्य मौजूद रहे।
