कोटखाई : शवाल नाला–बाउटी जुब्बड़ सड़क को मिली पासिंग, क्षेत्र में खुशी की लहर
रोहित ठाकुर के प्रयासों से सड़क परियोजना को मंजूरी, किसानों-बागवानों को मिलेगा लाभ
जुब्बल–नावर–कोटखाई में विकास को मिली रफ्तार, नई सड़क बनेगी प्रगति की राह
आपकी खबर, कोटखाई।
4 अप्रैल। कोटखाई उपमण्डल की ग्राम पंचायत बगाहर के अंतर्गत शवाल नाला से बाउटी जुब्बड़ सड़क संपर्क मार्ग को प्रशासन द्वारा सफलतापूर्वक पासिंग मिल गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ग्राम पंचायत बगाहर के निवासियों ने सड़क निर्माण के लिए प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार जताते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों और क्षेत्र के विकास के प्रति सकारात्मक सोच के कारण ही यह कार्य संभव हो पाया है। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शवाल नाला से बाउटी जुब्बड़ सड़क संपर्क मार्ग के निर्माण से आवागमन की सुविधा बेहतर और सुगम होगी। खासतौर पर किसानों और बागवानों को अपनी उपज को बाजार तक पहुंचाने में काफी सहूलियत मिलेगी, जिससे कृषि और बागवानी को बढ़ावा मिलेगा।
जनता ने विश्वास जताया कि रोहित ठाकुर के नेतृत्व में जुब्बल–नावर–कोटखाई क्षेत्र में विकास कार्य इसी तरह निरंतर गति से आगे बढ़ते रहेंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल–नावर–कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, नायब तहसीलदार कोटखाई कलम सिंह, पंचायत के वरिष्ठ नागरिक, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ व कर्मचारी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारी, स्थानीय महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।
