आगरा को ₹5,000 करोड़ से अधिक की सौगात, सीएम योगी ने किया मेगा परियोजनाओं का शुभारंभ
डबल इंजन सरकार का बड़ा तोहफा: आगरा में 324 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
आपकी खबर, ब्यूरो।
आगरा। जनपद आगरा में मंगलवार को विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की महत्वाकांक्षी ग्रेटर आगरा योजना (रायपुर-रहनकलां) के तहत ₹5,142 करोड़ की लागत से विकसित होने वाली 10 आधुनिक टाउनशिप का भूमि पूजन किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ₹1,324 करोड़ से अधिक लागत की 324 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया, जिससे जिले के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में “डबल इंजन सरकार” ने आगरा की हर मांग को पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए सकारात्मक सोच और विरासत को आगे बढ़ाने की दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक होती है, तभी समग्र विकास संभव होता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश “नए भारत” की ओर तेजी से अग्रसर है और इसका प्रभाव राज्यों के विकास में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को इन विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से आगरा में रोजगार, आवास और आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
