भूत बंगला’ से जुड़ी खास यादें: अक्षय कुमार ने दिग्गज अभिनेता असरानी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कल रिलीज हो रही फिल्म को बताया “ट्रिब्यूट”, बोले—12 फिल्मों में साथ काम कर हर बार सीखा कुछ नया
आपकी खबर, ब्यूरो।
फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी आगामी फिल्म भूत बंगला के रिलीज से पहले दिग्गज अभिनेता असरानी को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने इस फिल्म को सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक खास याद और श्रद्धांजलि बताया है।
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग के दौरान ली गई एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि कभी-कभी एक तस्वीर सिर्फ यादों का हिस्सा नहीं होती, बल्कि एक पूरी यात्रा को समेट लेती है। उन्होंने बताया कि यह तस्वीर फिल्म भूत बंगला की शूटिंग के दौरान की है, जो असरानी जी के साथ उनकी दूसरी आखिरी फिल्म रही।
अक्षय ने बताया कि उन्होंने असरानी जी के साथ कुल 12 फिल्मों में काम किया और हर फिल्म उनके लिए किसी ‘मास्टरक्लास’ से कम नहीं रही। उन्होंने कहा कि असरानी जी की कॉमिक टाइमिंग इतनी सहज लगती थी कि दर्शकों को हंसी आना स्वाभाविक हो जाता था, लेकिन असल में कॉमेडी एक बेहद कठिन कला है, जिसके वे सच्चे उस्ताद थे।
उन्होंने आगे लिखा कि “भूत बंगला मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि एक याद, एक ट्रिब्यूट और उस लीजेंड को सलाम है।” अक्षय कुमार ने असरानी जी को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा उनके दिलों में जिंदा रहेंगे।
गौरतलब है कि फिल्म भूत बंगला 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। इस फिल्म के जरिए दर्शकों को न सिर्फ मनोरंजन मिलेगा, बल्कि एक महान कलाकार को श्रद्धांजलि भी देखने को मिलेगी।
