हिमाचल में विकास को रफ्तार: 6000 करोड़ सड़कों पर खर्च : विक्रमादित्य सिंह
बोले, 8500 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा प्रदेश: टुटू-क्यार सड़क का शिलान्यास
ग्रामीण विकास पर फोकस: सड़क, पानी और योजनाओं को मिलेगी नई गति
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 19 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र सरकार से अब तक करीब 8500 करोड़ रुपये लाए गए हैं, जिनमें से लगभग 6000 करोड़ रुपये सड़कों के निर्माण और सुधार पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के समग्र विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी और हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गिरब खुर्द के गांव क्यार में टुटू-क्यार सड़क का शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही है। वन विभाग से एफआरए क्लियरेंस मिलने और लोक निर्माण विभाग से प्रशासनिक मंजूरी के बाद अब जल्द ही इस सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 90 लाख रुपये की लागत से मेटलिंग का कार्य किया जाएगा।
मंत्री ने क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मौजूदा उठाऊ पेयजल योजना के अधूरे कार्यों को पीडीएनए के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों का परिणाम है, जिससे लोगों को पानी की समस्या से काफी राहत मिली है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में गिरब खुर्द पंचायत में कई विकास कार्य किए गए हैं। इसी क्रम में दीधो घाटी से कड़ी सड़क का निर्माण करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
उन्होंने आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर लोगों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर योग्य और सक्षम उम्मीदवारों का चयन करें। उन्होंने कहा कि मजबूत स्थानीय नेतृत्व क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाता है और जनता जिसे चुनती है, सरकार उसे स्वीकार करती है। साथ ही उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों से ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आग्रह किया।
इस कार्यक्रम के दौरान पार्षद मोनिका भारद्वाज, एसडीओ प्रेम शर्मा, जल शक्ति विभाग एसडीओ नीरज ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण अरुण ठाकुर, कांग्रेस अध्यक्ष टुटू ब्लॉक प्रवीण शर्मा, प्रधान सुरेश मान, उप प्रधान अनूप ठाकुर, पूर्व प्रधान संजीव वर्मा, भूपेंद्र ठाकुर, विक्रम ठाकुर, पूर्व प्रधान देवेंद्र ठाकुर, मोहन सिंह ठाकुर, हीरा सिंह ठाकुर, नागेन्द्र गुप्ता, रेखा ठाकुर, निशा ठाकुर, नरेश, संजय ठाकुर, रमेश कुमार, रेणु शर्मा, सरोज शर्मा, पूर्व प्रभारी शिमला ग्रामीण यूथ कांग्रेस विकास कल्टा, पूर्व जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र बांशटू, प्रियंका सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
