करसोग में फूड फेस्टिवल का आयोजन, मोटे अनाजों और प्राकृतिक खेती का दिया संदेश
सेरी बंगलो में सजे पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल, 80 किसानों ने लिया भाग
महिला समूहों और किसानों ने दिखाया हुनर, फूड फेस्टिवल में देशी खाद्य संस्कृति को बढ़ावा
आपकी खबर, ब्यूरो।
करसोग, 23 जून। जिला मंडी के करसोग विकास खंड की ग्राम पंचायत सेरी बंगलो में वासन आरआरए हैदराबाद तथा हिमालय रिवाइटलाइजिंग रेनफेड एग्रीकल्चर (हिम आरआरए) पालमपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. डी.के. सदाना (हिम आरआरए, पालमपुर), सुखदेव विश्व प्रेमी (आरटीडीसी, पालमपुर), जयंत (हैदराबाद) तथा ग्राम पंचायत सेरी बंगलो की नवनिर्वाचित प्रधान कविता देवी उपस्थित रहीं।
फूड फेस्टिवल में महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न क्लस्टरों सहित 12 संस्थाओं के लगभग 80 किसानों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मोटे अनाजों एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों से तैयार अनेक व्यंजन प्रदर्शित किए। इनमें रागी के सिड्डू, मोमोज, चाय और हलवा, कुदरे की रोटी, कंगनी की खिचड़ी, मंडलिहू गेहूं के सिड्डू, जौ की रोटी व हलवा, रामवाने के लड्डू, लिंगड़ की सब्जी, पत्रोडू, मधली गेहूं की सावली, अखरोट भरकर बनाए गए सिड्डू, रागी का सीरा, चोलाई की खीर, कच्चे केले की सब्जी, दुगलू की सब्जी, बिथू की खीर, अलसी का नमक, तिल के पराठे, बंसी गेहूं की लाफी तथा कोलाथ के एंडरे सहित अनेक पारंपरिक व्यंजन शामिल रहे।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाली सभी संस्थाओं को वासन आरआरए हैदराबाद एवं हिम आरआरए पालमपुर की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र कुमार सदाना तथा सुखदेव विश्व प्रेमी ने किसानों को प्राकृतिक खेती, मोटे अनाजों और देशी बीजों के संरक्षण एवं उपयोग के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, महिला आजीविका, पंचायत सशक्तिकरण तथा समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
नवनिर्वाचित प्रधान कविता देवी ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और देशी बीजों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
फूड फेस्टिवल के सफल आयोजन में योगदान के लिए सोम कृष्ण गौतम तथा कला देवी, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, करसोग नेचुरल को भी वासन आरआरए हैदराबाद की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम आयोजकों ने ग्राम पंचायत सेरी बंगलो की नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से शीश राम के अथक प्रयासों और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें कार्यक्रम की सफलता का प्रमुख आधार बताया गया।
