पंचायत चुनावों में हार के बाद भाजपा नेता टिकट बचाने को कर रहे सस्ती राजनीति : जितेंदर मैहता
आपकी खबर, ब्यूरो।
जुब्बल, 30 जून। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंदर मैहता ने कहा कि पंचायत चुनावों में मिली करारी हार के बाद भाजपा के स्थानीय नेता पूरी तरह से बौखला गए हैं। राजनीतिक जमीन खिसकती देख और टिकट बचाने की राजनीति के चलते अब अपने ही कार्यकर्ताओं को भाजपा का पटका पहनाकर सोशल मीडिया पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का झूठा प्रचार कर रहे हैं।
यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता माननीय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के विकास कार्यों और जनहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। जिला परिषद की तीनों सीटों पर कांग्रेस की जीत, जुब्बल और कोटखाई पंचायत समितियों में कांग्रेस को एकतरफ़ा प्रचंड बहुमत, नगर पंचायत जुब्बल में 15 वर्षों बाद ऐतिहासिक जीत तथा 80% प्रतिशत से अधिक पंचायत प्रधान एवं उपप्रधानों का कांग्रेस समर्थित चुना जाना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है।
जितेंदर मैहता ने कहा कि कांग्रेस की इस ऐतिहासिक जीत से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है और भाजपा के स्थानीय नेता झूठे और भ्रामक प्रचार के सहारे अपनी राजनीतिक नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
