शिमला ग्रामीण के धामी की कांता देवी AIIMS बिलासपुर में ट्यूटर/क्लिनिकल इंस्ट्रक्टर पद पर हुई चयनित
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 2 जुलाई। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के धामी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीपलीधार की बेटी कांता देवी का चयन AIIMS बिलासपुर में ट्यूटर/क्लिनिकल इंस्ट्रक्टर पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कांता देवी का जीवन संघर्ष और मेहनत की प्रेरणादायक कहानी है। बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी माता ने खेती-बाड़ी और कठिन परिस्थितियों में परिवार का पालन-पोषण करते हुए अपनी बेटी को उच्च शिक्षा दिलाई। तमाम आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद कांता देवी ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की।
इससे पहले भी उन्होंने AIIMS भोपाल, AIIMS नई दिल्ली तथा AIIMS बिलासपुर की नर्सिंग भर्ती परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थीं। हालांकि उनका सपना शिक्षण क्षेत्र में योगदान देने का था। अब उनका यह सपना साकार हो गया है और उनकी नियुक्ति AIIMS बिलासपुर में ट्यूटर/क्लिनिकल इंस्ट्रक्टर के पद पर हुई है।
कांता देवी की इस उपलब्धि से न केवल ग्राम पंचायत पीपलीधार बल्कि पूरे धामी और शिमला ग्रामीण क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। स्थानीय लोगों ने उन्हें और उनके परिवार को शुभकामना देते हुए इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
