भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ आगामी संगठनात्मक अभियानों को मजबूती से करेगा सफल : जेसी शर्मा
आपकी खबर, ब्यूरो।
चंबा, 14 जुलाई। भाजपा जिला कार्यालय चंबा में आज भारतीय जनता पार्टी चुनाव प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय परिचय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी अभियानों तथा संगठन की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जगदीश चंद्र (जेसी) शर्मा ने मुख्य रूप से भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक विक्रम जरयाल, चंबा जिला सह-प्रभारी रमेश राणा, चुनाव प्रकोष्ठ के जिला संयोजक लक्ष्मण, भाजपा चंबा जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल सहित चुनाव प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक एवं मंडल स्तर के संयोजक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जगदीश चंद्र (जेसी) शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के मूलमंत्र के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी संकल्प के अनुरूप चुनाव प्रकोष्ठ भी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पार्टी द्वारा निर्धारित प्रत्येक अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं चुनावी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। साथ ही जिला एवं मंडल स्तर पर चुनाव प्रकोष्ठ की भूमिका को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जेसी शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रकोष्ठ का प्रत्येक पदाधिकारी संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ निर्वहन करेगा। पार्टी के आगामी अभियानों, कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठित करते हुए सुनियोजित कार्ययोजना पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और बेहतर समन्वय के बल पर भारतीय जनता पार्टी आगामी सभी अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा करेगी तथा जन-जन तक पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाने में चुनाव प्रकोष्ठ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
