कनलोग वार्ड में खुली उचित मूल्य की दुकान, 50 साल पुरानी मांग हुई पूरी
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 17 अगस्त। राजधानी शिमला के कनलोग वार्ड के लोगों की करीब 50 वर्ष पुरानी मांग आखिरकार सोमवार को पूरी हो गई। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से वार्ड में उचित मूल्य की दुकान खोली गई है। दुकान का शुभारंभ वार्ड पार्षद आलोक पठानिया ने किया। उचित मूल्य की दुकान खुलने से वार्ड के करीब एक हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कनलोग वार्ड के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि उन्हें सरकारी राशन लेने के लिए दूर के क्षेत्रों में न जाना पड़े और वार्ड में ही उचित मूल्य की दुकान की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। स्थानीय लोगों की इस मांग को लेकर वार्ड पार्षद आलोक पठानिया ने जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के समक्ष कई बार मामला उठाया। पार्षद के लगातार प्रयासों के बाद अब विभाग की ओर से वार्ड में उचित मूल्य की दुकान खोल दी गई है।
दुकान के उद्घाटन अवसर पर पार्षद आलोक पठानिया ने कहा कि कनलोग वार्ड में उचित मूल्य की दुकान खोलना स्थानीय लोगों की करीब पांच दशक पुरानी मांग थी। इस मांग को पूरा करवाने के लिए उन्होंने प्रशासन के समक्ष कई बार आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वार्ड में डिपो खुलने से लोगों को सरकारी राशन लेने के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से करीब एक हजार स्थानीय लोगों को फायदा होगा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को अब राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी। लोगों को उनके घर के नजदीक ही सरकारी राशन उपलब्ध हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने भी उचित मूल्य की दुकान खुलने पर खुशी जताई। लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से उन्हें बड़ी सुविधा मिली है। उन्होंने वार्ड में यह सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पार्षद आलोक पठानिया तथा जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का आभार जताया। लोगों का कहना है कि वार्ड में डिपो खुलने से समय और आने-जाने के खर्च की भी बचत होगी।
