ग्राम पंचायत नीन के अयोग वार्ड में चला स्वच्छता अभियान, पंचायत प्रतिनिधियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 26 जुलाई। विकास खंड बसंतपुर की ग्राम पंचायत नीन के अयोग वार्ड नं-5 में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में ग्राम पंचायत के प्रधान घनश्याम, उप प्रधान बलदेव सिंह वर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधियों और वार्ड सदस्यों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान वार्ड में विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की गई और लोगों को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है और स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की है।
इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि वे कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें और अपने घर, रास्तों तथा सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक आदत होनी चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही गांव और पंचायत को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।
अभियान में योगदान देने वाले सभी पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इसी तरह भविष्य में भी स्वच्छता और जनहित से जुड़े अभियानों में सभी लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते रहें।
