GMSSS घनाहट्टी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
घरोग क्षेत्र में गूंजा हरियाली का संदेश, GMSSS घनाहट्टी के NSS व इको क्लब ने लगाए पौधे
आपकी खबर, ब्यूरो।
घनाहट्टी, 7 अगस्त। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GMSSS) घनाहट्टी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत घरोग क्षेत्र में प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। घरोग क्षेत्र विद्यालय से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेश नेगी ने की। इस अवसर पर NSS स्वयंसेवकों और इको क्लब के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। विद्यार्थियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का संचालन अमर चंद, NSS कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रवक्ता (अंग्रेजी) ने किया। वहीं किरण, इको क्लब प्रभारी, अनीता शर्मा, प्रवक्ता (अंग्रेजी), किशोर कामटा, DPE तथा परम स्वरूप, LA ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य लोकेश नेगी ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रेरणादायक प्रयास है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अन्य लोगों को भी पौधारोपण तथा प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली। NSS एवं इको क्लब के इस प्रयास ने स्थानीय स्तर पर हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ समाज को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी दिया।
उन्होंने सभी बच्चों से अपील की कि हम सभी एक पौधा लगाएं, उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान दें।
