भीषण गर्मी पर योगी की चेतावनी: 34,000 मेगावाट बिजली की तैयारी, जनता से सतर्क रहने की अपील
योगी की पाती में हीटवेव अलर्ट: पशु-पक्षियों तक के लिए पानी रखने की अपील
गर्मी से बचाव के लिए यूपी सरकार अलर्ट, सीएम योगी ने बताई पूरी तैयारी और सावधानियां
आपकी खबर ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक अपील जारी की है। योगी की पाती शीर्षक से जारी इस संदेश में उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे मौसम का एक चक्र होता है, उसी प्रकार फसलों का भी चक्र चलता है। लेकिन जब इस प्राकृतिक चक्र में असंतुलन आता है, तो बाढ़, सूखा और महामारी जैसी समस्याएं जन्म लेती हैं। उन्होंने चेताया कि बढ़ता तापमान हमें सावधान रहने और पहले से तैयारी करने का संकेत दे रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य सरकार ने भीषण गर्मी से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए लगभग 34,000 मेगावाट तक आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है और सभी थर्मल पावर प्लांट्स को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पुराने बिजली मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने की प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर पानी का छिड़काव, छायादार स्थानों की व्यवस्था और श्रमिकों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि तहसील, थानों, अस्पतालों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर ठंडे पेयजल की निशुल्क व्यवस्था की जा रही है। पशुओं और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए भी विशेष कदम उठाए गए हैं, जिसमें गौशालाओं में पानी और चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।
अपने संदेश में योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के बाहर पशु-पक्षियों के लिए पानी रखें। साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पानी, शिकंजी, छाछ या नारियल पानी का सेवन करें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने लोगों को सूती और ढीले कपड़े पहनने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में मनाए गए भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव और अक्षय तृतीया का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पर्व सेवा, समर्पण और सत्कर्म का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से इस भीषण गर्मी के दौरान मानवता और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
