डुढालटी पंचायत में 14 मई से शुरू होगा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ
आचार्य पवन शर्मा सुनाएंगे श्रीमद्भागवत कथा, 21 मई को होगा विशाल भंडारे के साथ समापन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 12 मई। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत डुढालटी की समस्त जनता द्वारा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 14 मई से 21 मई 2026 तक डुढालटी ग्राउंड, डॉ. रौड़ी बनूटी, शिमला में आयोजित होगा। कथा आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इस पावन कथा यज्ञ में सुप्रसिद्ध विद्वान प्रवक्ता एवं श्रद्धेय आचार्य श्री पवन शर्मा जी (ग्राम बलाऊ, घनाहट्टी, शिमला) व्यासपीठ से अपनी मधुर वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाएंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार कथा का शुभारंभ गुरुवार 14 मई को सुबह 11 बजे व्यासजी के स्वागत के साथ होगा। इसके बाद 11:15 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी तथा दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक कथा प्रवचन आयोजित होंगे।
15 मई से 20 मई तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे मूल पाठ होगा। कथा प्रवचन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक चलेंगे। वहीं प्रतिदिन सायं 4 बजे भंडारा तथा रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक आरती एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन गुरुवार 21 मई को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। सुबह 8 बजे हवन, 10:15 बजे पूर्णाहुति, 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अंतिम कथा तथा इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
