नूरपुर क्षेत्र में फूड प्रोसैसिंग उद्योगों की स्थापना की मांग, सांसद राजीव भारद्वाज ने उठाया मामला
आपकी खबर, ब्यूरो।
धर्मशाला, 3 दिसम्बर। कांगड़ा के लोकसभा सदस्य डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान से कांगड़ा जिला के नूरपुर क्षेत्र में फूड प्रोसैसिंग उद्योगों की स्थापना की मांग की है। उन्होंने संसद में नियम 377 के अन्तर्गत बोलते हुए कहा की नूरपुर क्षेत्र बागवान बहुल क्षेत्र है जहां आम, लीची किन्नू और अमरुद फसलों की अत्याधिक पैदावार होती है।
उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश में आम, लीची और अमरुद फलों का सर्वाधिक उत्पादन कांगड़ा जिला में रिकॉर्ड किया जाता है तथा ऑफ सीजन आम की पैदावार सर्वाधिक नूरपुर में रिकॉर्ड की जाती है। उन्होंने बताया की कांगड़ा जिला का सर्वाधिक क्षेत्र फल उत्पादक है और इसमें नूरपुर की अहम भूमिका है।
डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने कहा की नूरपुर क्षेत्र में फूड प्रोसैसिंग उद्योगों की स्थापना से बागबानों को उनकी उपज के आकर्षक मूल्य मिलेंगे जिससे किसान खुशहाल होंगे और क्षेत्र में आर्थिक क्रान्ति की शुरुआत होगी। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस दिशा में तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।

