वेदांत शर्मा ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर बढ़ाया पाठशाला का गौरव
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 4 जुलाई। राजकीय आदर्श केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला, शोघी के होनहार छात्र वेदांत शर्मा ने जवाहर नवोदय विद्यालय, ठियोग (शिमला) की प्रतिष्ठित चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
पाठशाला की कार्यवाहक मुख्याध्यापिका शशि बाला तथा शिक्षिका स्वाति शर्मा ने वेदांत शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि वेदांत भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई ऊँचाइयाँ हासिल करेंगे।
वेदांत शर्मा के माता-पिता हेमलता शर्मा और नवल किशोर ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता बेटे की लगन, कठिन परिश्रम और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
विद्यालय परिवार ने वेदांत शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन करेंगे। यह सफलता निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
