घनाहट्टी–कुनिहार–पनेश मार्ग की बदहाली से लोग परेशान, गड्ढे भरने खुद उतरे स्थानीय निवासी
कुंभकर्णी नींद सोया pwd विभाग, जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 5 जुलाई। घनाहट्टी से कुनिहार जाने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग (वाया कंडा, शामलाघाट, लादवी और पनेश) की जर्जर हालत से स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों, स्थानीय दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही सड़क की हालत बेहद खराब है और लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाएगी।

लादवी क्षेत्र के निवासी अजय शर्मा ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए खुद ही सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया। उन्होंने सीमेंट और अन्य सामग्री की मदद से गड्ढों को भरने का प्रयास किया, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को कुछ राहत मिल सके।
अजय शर्मा, सुनीता शर्मा, संजय शर्मा ने बताया कि सड़क के किनारे ही उनका मकान और दुकान है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण जब भी वाहन गुजरते हैं तो धूल और मिट्टी सीधे उनकी दुकान और घर में पहुंच जाती है। कई बार इन गड्ढों को केवल मिट्टी या पत्थरों से भर दिया जाता है, लेकिन थोड़ी ही देर बाद वे फिर पहले जैसे हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। वहीं दूसरी ओर pwd विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है। गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है और बरसात के दौरान इनमें पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाएगी। साथ ही सड़क से उड़ने वाली धूल लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
कंडा के स्थानीय निवासी यशपाल ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, राकेश, सुभाष, कमलेश, शिल्पा, आशा, शर्मीला, दीपक, चेतन, रंजना, सुभाष सहित अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण मंत्री एवं स्थानीय विधायक विक्रमादित्य सिंह से मांग की है कि इस सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए। उनका कहना है कि वर्षों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थाई समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई और गड्ढों को स्थायी रूप से नहीं भरा गया, तो क्षेत्र के लोग मजबूर होकर सड़क पर उतरेंगे और लोक निर्माण विभाग तथा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर बार-बार मांग करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
