हनुमान टेकरी में 95 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का आधार : रवि मेहता
भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर चलाती रहेगी समिति: रंजन भारद्वाज
आपकी खबर, ब्यूरो।
टुटू, 2 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए हनुमान टेकरी भीमा काली मंदिर, न्यू टुटू में हनुमान टेकरी भीमा काली सेवा समिति एवं न्यू टुटू व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में इनर व्हील क्लब शिमला विकासनगर तथा स्वर्णिम भारत समाज कल्याण फाउंडेशन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भाजपा विधायक प्रत्याशी रवि मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर टुटू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, न्यू टुटू व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनोद शर्मा, इनर व्हील क्लब की प्रतिनिधि रितु खन्ना तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पौधरोपण अभियान में 10 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक की आयु के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान बान, देवदार, शमी तथा अनार सहित कुल 95 पौधों का रोपण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि रवि मेहता ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर हनुमान टेकरी भीमा काली सेवा समिति के सचिव रंजन भारद्वाज ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर चलाती रहेगी।
